गैर शिक्षण कार्यों से ड्यूटी हटवाने के लिए सड़कों पर अध्यापक
फरीदाबाद। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और परिवार पहचान पत्र में ड्यूटी लगाने के विरोध में बुधवार को लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अध्यापकों ने एसडीएम परमजीत चहल को ज्ञापन सौंपकर गैर शिक्षण कार्यो से ड्यूटी हटाए जाने की मांग की।
संघ के जिला प्रधान विजय कुमार मुदगिल का कहना है कि जेबीटी अध्यापकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार अपनाया जा रहा है। गैर शैक्षणिक कार्यो में जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) को लगाया जा रहा है। ऐसे में प्राथमिक स्तर के अध्यापक स्कूल में पढ़ाई के अलावा अन्य सभी कार्यो में लगाए जा रहे हैं। इससे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। एक ही स्कूल से कई- कई अध्यापकों को इस कार्य में लगाया जा रहा है। वहीं, कई अध्यापक ऐसे हैं जो अधिकारियों तक पहुंच रखते हैं तो वह ऐसी किसी अनावश्यक ड्यूटी से बाहर रखे जाते हैं। ऐसे में अध्यापक से शिक्षा के काम कराए जाने की मांग शिक्षक संघ ने की। ब्यूरो