फरीदाबाद। नगर निगम हाउस टैक्स के बकायेदारों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को निगम की टीम ने नौ इकाइयों (प्रॉपर्टीज) को सील कर दिया गया। इन पर लाखों रुपये का टैैक्स बकाया है।
नगर निगम की माली हालत ठीक नहीं है। ऐसे में निगम हाउस टैक्स बकायेदारों पर एक माह से कार्रवाई कर रहा है। निगम की टीम ने मंगलवार को नौ इकाइयों को सील किया। इसमें बल्लभगढ़ जोन - एक में पांच इकाइयों पर कार्रवाई की गई। इन पर करीब आठ लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स के बकाया हैं। वहीं, एनआईटी जोन दो ने चार इकाइयों को सील किया। इन पर करीब 6.63 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। निगमायुक्त यशपाल ने कहा कि वसूली में लापरवाही किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी। आयुक्त ने करदाताओं से अपील की है कि बकाए की अदायगी तुरंत करें ताकि निगम के राजस्व में बढ़ोतरी हो सके। इससे शहर के विकास में मदद मिलेगी। ब्यूरो
--