-14 से 16 सितंबर तक आयोजित होंगी प्रतियोगिता, 11 से 19 आयुवर्ग तक के प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शूटिंग, तलवार बाजी और टीटी खेलों की मेजबानी फरीदाबाद को मिली है। प्रतियोगिताओं का आयोजन शहर के विभिन्न स्थानों पर 14 से 16 सितंबर तक किया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से अंडर-11 से 19 आयुवर्ग के करीब दो हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसमें विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से एक सितंबर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनका आयोजन 23 सितंबर तक किया जाएगा। इनमें 20 ओलंपिक और 10 गैर-ओलंपिक खेलों के मुकाबले होंगे। शेड्यूल के अनुसार जिले में 14 से 16 सितंबर तक शूटिंग, तलवार बाजी और टीटी के राज्यस्तरीय मुकाबले होंगे। इसमें जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले अंडर-11 से 19 आयुवर्ग तक के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। शिक्षा विभाग में तैनात सहायक जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने बताया कि विभिन्न जगहों पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त जगह की पहचान जल्द कर ली जाएगी।
वर्जन
जिले को तीन खेलों की मेजबानी मिली है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। -हरवीर अधाना, जिला शिक्षा खेल अधिकारी
इन खेलों का होगा मुकाबला
तलवार बाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, फेंसिंग, फुटबाल, जिम्नास्टिक, हैंडबाल, हॉकी, जूडो, तैराकी, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, बेसबाल, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, कराटे, खो-खो, नेट बॉल, स्केटिंग, सॉफ्टबाल, योग।