स्टेशनरी खरीदने का झांसा दिया, वीडियो वायरल की दी धमकी, 17 हजार मोबाइल में कराए ट्रांसफर, 2500 हजार नकदी लूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-28 निवासी स्टेशनरी दुकानदार को फतेहपुर चंदीला गांव में बंधक बनाकर अश्लील वीडियो बनाने और वायरल करने की धमकी देकर लूटपाट का मामला दर्ज किया गया है। एनआईटी पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक मुख्य आरोपी अभी फरार है।
सेक्टर-28 निवासी संदीप मल्होत्रा पुत्र सतीश मल्होत्रा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह स्टेशनरी का कार्य करते हैं। एक ग्राहक ने उनके मोबाइल पर कॉल कर स्टेशनरी का सामान मांगा। ग्राहक ने सेक्टर-21बी के पास उन्हें सामान लेकर बुलाया। संदीप सामान लेकर सेक्टर 21बी पहुंचा तो एक लड़का अपने साथ लेकर फतेहपुर चंदीला गांव के अंदर ले गया। उसने कहा कि सामान के पैसे मैं अपने घर के अंदर से दूंगा, आप अन्दर आ जाओ।
दुकानदार उसके घर के एक कमरे में चला गया। आरोप है कि थोड़ी देरी बाद 3 से 4 लड़के कमरे के अंदर आ गए। लड़कों ने व्यापारी से मारपीट कर कपड़े उतरवा लिए। आरोपी व्यापारी को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देते रहे। इस दौरान बदमाशों ने व्यापारी से उसके घर कॉल कर जबरदस्ती अपने मोबाइल नंबर पर 17,000 रुपये पेटीएम करवा लिए। इसके अलावा संदीप के जेब में रखे हुए 2500 रुपये भी निकाल लिए।
-
वीडियो वायरल की धमकी देकर बदमाशों ने मांगे 10 हजार रुपये
दुकानदार का आरोप है कि बदमाशों ने उनकी नग्न वीडियो बना ली। इनमें एक आरोपी कपिल था। आरोप है कि कपिल ने अगले दिन 10,000 रुपये मांगे। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बदमाशों के चंगुल से निकलकर दुकानदार अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया।
-
दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
गांव में किराए पर रहने वाले ऋतिक और ताहिर नामक दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अभी मुख्य आरोपी कपिल फरार है।
समीर, एनआईटी थाना प्रभारी