बुजुर्ग की मौत के बाद बेटे ने खाते में रकम ट्रांसफर देख की शिकायत, चार वर्ष पहले का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चमचमाती हुई बीएमडब्ल्यू कार की टेस्ट ड्राइव दिलाकर एसआरएस रॉयल हिल्स सोसाइटी में पड़ोसी ने व्यापारी बुजुर्ग से 25 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दे दिया। वृद्ध के गुजरने के चार वर्ष बाद खाते से रकम ट्रांसफर का पता चलने पर बेटे ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कराया है। इस मामले में भूपानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसआरएस रॉयल हिल्स सेक्टर-87 फरीदाबाद निवासी सिद्धार्थ गांधी ने भूपानी थाना पुलिस से पड़ाेसी लव शर्मा उर्फ विक्की के खिलाफ पिता सुनील गांधी से लगभग 20 से 25 लाख रुपये ठगने की शिकायत दी है। सिद्धार्थ का फरीदाबाद में व्यापार है। सिद्धार्थ ने बताया कि लव शर्मा से 2018 मुलाकात हुई थी। पड़ोसी होने के कारण उनका मिलना-जुलना होने लगा।
सिद्धार्थ गांधी के पिता सुनील गांधी बेटे के पास लखनऊ से फरीदाबाद रहने के लिए आए। इस दौरान लव शर्मा ने सुनील गांधी को भरोसे में लेकर 80 लाख की बीएमडब्ल्यू कार 20 से 25 लाख रुपये में दिलाने की बात कही थी। आरोपी ने बताया था कि वह कार इसलिए सस्ती मिलेंगी क्योंकि गाड़ियों को लाने ले जाने में हल्के निशान लग जाते हैं। इसकी वजह से कीमत कम हो जाती है। शोरूम मालिक खास लोगों को यह कार देते हैं। उसने भरोसा दिलाने के लिए बीएमडब्ल्यू शोरूम पर कॉल करके कार घर पर बुलाई और टेस्ट ड्राइव कराया। सिद्धार्थ के पिता सुनील गांधी से आरोपी लव शर्मा उर्फ विक्की ने धीरे-धीरे लगभग 20 से 25 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पिता ने बेटे को जानकारी दी थी। कुछ समय बाद सुनील गांधी की मौत हो गई। अब सिद्धार्थ गांधी ने पुलिस से पिता के साथ हुई ठगी की लिखित में शिकायत की है। जिस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।