बल्लभगढ़। सब इंस्पेक्टर (एसआई) महिला व पुरुष की लिखित परीक्षा का आयोजन 26 सितंबर को किया जा रहा है। परीक्षा में फरीदाबाद जिले से भी सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी पेपर देने दूसरे जिलों में जाएंगे। ऐसे में रोडवेज अतिरिक्त बसों का इंतजाम कर रहा है। परीक्षार्थी एक दिन पूर्व टिकट की बुकिंग करवा सकते हैं।
हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने राज्य परिवहन के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर बसों का इंतजाम करने को कहा है। रोडवेज के महाप्रबंधक परीक्षार्थियों की सुविधाओं के अनुसार विभिन्न शहरों के लिए बस को चलाएंगे। परीक्षा 26 सितंबर को सुबह व दोपहर की पाली में आयोजित होगी। परीक्षा का आयोजन पंचकूला के पिंजौर व कालका, अंबाला के बुलाना व बराड़ा, यमुनानगर के बिलासपुर, कुरुक्षेत्र के शाहबाद व पेहपवा, करनाल के नीलोखेड़ी व घरौंडा, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ व नारनौल में होगा। बल्लभगढ़ बस डिपो के प्रभारी सुनील बौद्ध ने बताया कि 25 व 26 सितंबर को सुबह से शाम तक बसों को चलाया जाएगा। एक बस में 52 परीक्षार्थियों को ले जाया जाएगा। परीक्षार्थी एडवांस में टिकट लेकर आने व जाने की टिकट बुकिंग करवा सकते हैं।