अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी।
तावडू। कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस वे पर सोमवार को हुए हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सोहना सदर थाने के अंतर्गत पुलिस चौकी निमोठ में तैनात सिपाही सोनू ने बताया कि सोमवार को साप्ताहिक अवकाश से लौटने के दौरान वह केएमपी पचगांव चौक पर सवारी के इंतजार में खड़ा था। उसी समय निमोठ पुलिस चौकी में ही तैनात साथी जवान धर्मेंद्र भी वहीं पर मिल गया, वह भी ड्यूटी पर जा रहा था। तभी एक कार आती दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा कर कार चालक से लिफ्ट मांगी। महिला कार चालक ने दोनों को बैठा लिया, थोड़ी देर बाद तावडू उपमंडल की सीमा में कार गांव कलवाड़ी के नजदीक पहुंची तो अचानक तकनीकी खराबी होने के चलते बंद हो गई। कार को साइड में खड़ा कर वह महिला चालक के साथ तकनीकी खराबी को ढूंढने में जुटा था, जबकि साथी पुलिसकर्मी धर्मेंद्र मार्ग के किनारे खड़ा था, तभी बड़ी तेज गति और लापरवाही से एक चालक अपने ट्रक को चलाता हुआ लाया, जो धर्मेंद्र को सीधी टक्कर मार मौके से फरार हो गया। धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान कार भी ठीक हो गई। घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए नूंह नल्हड़ के मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए लेकर पहुंचे तो उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।