फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने मनी ट्रांसफर एजेंट के साथ तीन लाख रुपये समेत अन्य सामान लूटने की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनील गुरुग्राम के लोहसिंघानी गांव, जबकि विक्रम फरीदाबाद के कबूलपुर गांव का है। पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी का रिश्तेदार इस वारदात का मास्टर माइंड है। क्राइम ब्रांच ने 35 हजार रुपये, छीना गया लैपटॉप और वारदात में प्रयोग एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को थाना सेक्टर-58 में स्नेचिंग, लड़ाई झगड़ा तथा अवैध हथियार अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज हुआ। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुनील ने साथी विक्रम के साथ मिलकर एजेंट की रेकी की थी। इसके बाद अजय व सचिन ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित अनिल ने बताया कि सीकरी गांव का रहने वाला है और गांव की मार्केट में मोबाइल व मनी ट्रांसफर की दुकान है। 13 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद करके बैग में एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन व 3 लाख 28 हजार रुपये लेकर घर आ रहा था। पीरबाबा चौक के पास ही एक मोटरसाइकिल पर दो लड़के आए और गाली गलौज कर बैग को छीनने की कोशिश की।
पीड़ित ने विरोध किया तो एक आरोपी ने सिर पर कट्टे का बट मारा और बैग छीनकर फरार हो गए। क्राइम ब्रांच-56 प्रभारी सुदीप सिंह की टीम ने 17 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सुनील को चाकू सहित कैली बाईपास मोड़ से गिरफ्तार किया। निशानदेही पर विक्रम को कबूलपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील पीड़ित अनिल का रिश्तेदार व वारदात का मास्टरमाइंड है।
दुकान पर अक्सर आता था आरोपी
आरोपी सुनील अक्सर अनिल की दुकान पर आता रहता था। उसे इस बात की जानकारी थी कि अनिल रात में पैसे और मोबाइल लेकर घर जाता है। सुनील ने सोचा कि वह पैसे छीन सकता है। इसके लिए विक्रम, अजय व सचिन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। सुनील तथा विक्रम ने तीन-चार दिनों तक अनिल की रेकी की थी। वारदात के बाद सुनील तथा विक्रम के हिस्से में 25 25 हजार रुपये आए।