फरीदाबाद। करीब साठ साल से रेलवे की जमीन पर घर बनाकर रह रहे संजय नगर के लोगों के सिर से अब छत हटने जा रही है। रेल विभाग इस जमीन को खाली कराने का मन बना चुका है। करीब 3500 लोगों की आबादी रेल विभाग की जमीन पर बसी है। इसके लिए पुलिस फोर्स का बंदोबस्त हो गया है। तोड़फोड़ को देखते हुए दूसरे जिलों से भी फोर्स बुलाई गई है। रेलवे ने कॉलोनी के लोगों को चेतावनी के लिए तोड़फोड़ के नोटिस भी चस्पा दिए हैं।
न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के सटे संजय नगर में करीब 60 साल से लोग मकान व झुग्गी बनाकर रह रहे हैं। नगर निगम ने यहां पर सीवरेज, वाटर सप्लाई व बरात घर आदि की सुविधा दे रखी है। यहां रह रहे लोगों के पास वोटर कार्ड, पहचान पत्र, आधार कार्ड आदि सभी दस्तावेज मौजूद है। बिजली विभाग ने यहां मीटर कनेक्शन दे रखे हैं। छोटे अतिक्रमण से शुरू हुआ ये इलाका देखते ही देखते संजय नगर में तब्दील हो गया। यहां रहने वाले लोगों के बच्चे रेलवे लाइन पर ही खेलते रहते हैं, जिससे दुर्घटना के आसार बढ़ जाते हैं। इस इलाके से कई बार चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की भी शिकायत आ चुकी है।
इतनी बड़ी आबादी वाले इस इलाके को खाली करवाना विभाग के लिए आसान काम नहीं है। जमीन और अपने मकानों को बचाने के लिए लोगों ने अपनी दौड़ भाग भी शुरू कर दी है। रविवार को इलाके के कुछ लोग केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल से मिले मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि विभाग रेलवे लाइन से 15 मीटर तक के इलाके को खाली करवाएगा। नाम न छापने की शर्त पर रेलवे के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि जमीन को खाली करवाने की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। तोड़फोड़ से पहले बिजली पानी व सीवर की लाइन काट दी जाएगी। 29 सितंबर से तोड़फोड़ शुरू हो सकती है।