फरीदाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के परंपरागत पाठ्यक्रम में बदलाव करने की तैयारी है। इसके लिए सभी आईटीआई के इंस्ट्रक्टर (प्रशिक्षण देने वाले) से एक सप्ताह में सुझाव मांगा गया है। पाठ्यक्रम मौजूदा समय में इंडस्ट्री की मांग को पूरा करेगा जिससे युवाओं को अधिक रोजगार मिल सके।
सरकार की ओर से आईटीआई के पाठ्यक्रमों में बदलाव करने की तैयारी चल रही है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी आईटीआई के मुखिया को पत्र लिखकर प्रत्येक विषय के इंस्ट्रक्टर से सुझाव मांगा गया है। जिन पाठ्यक्रमों को शामिल करने की योजना है उसमें इलेक्ट्रिशियन में पावर डिस्ट्रीब्यूशन को शामिल करने की है। इसमें बिजली वितरण की बारीकियों के बारे में प्रशिक्षु सीख सकेंगे। अभी स्मार्ट खेती से लेकर स्मार्ट सिटी तक की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। इसे देखते हुए तय किया गया है कि टेक्नीशियन स्मार्ट एग्रीकल्चर और टेक्नीशियन स्मार्ट सिटी ट्रेड में भी आईटीआई में प्रशिक्षण का प्रावधान हो। इसी तरह स्मार्ट हेल्थ केयर को भी शामिल किया जा सकता है। एनआईटी चार आईटीआई के एक वरिष्ठ इंस्ट्रक्टर का कहना है कि इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही मुख्यालय भेजी जाएगी। आईटीआई के सभी शिक्षकों से राय ले लिया गया है।
पाठ्यक्रम को बेहतर करने की योजना है। पिछले कई वर्षों से पाठ्यक्रम में बदलाव नहीं हुआ है। इस संबंध में मुख्यालय से सुझाव मांगा गया है।
-गजेंद्र कुमार, आईटीआई के प्रधानाचार्य