फरीदाबाद। पलवल के गांव दिघोट के पास 24 अप्रैल को आगरा नहर से निकल रहे एक नाले में मिले युवक के शव के मामले में बृहस्पतिवार को मृतक के परिजनों ने खेड़ी पुल थाने पर प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया। परिजनों ने एक युवती सहित तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। लोग मवई रोड करुणा नगर से प्रदर्शन करते हुए थाने तक पहुंचे। लोगों ने थाना खेड़ी पुल प्रभारी सुभाष से केस में हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई करने की मांग की।
थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि करुणा नगर निवासी 21 वर्षीय शिव गौतम 15 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे से लापता था। काफी तलाश के बाद परिजनों की शिकायत पर 17 अप्रैल को गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। 24 अप्रैल को शिव गौतम का शव पलवल के एक नाले में पड़ा मिला। परिजनों की पहचान के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को दे दिया गया। शव की हालत खराब होने के कारण विसरा सुरक्षित रख जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट अभी नही आई है। परिजनों का कहना है कि आगरा नहर में पानी नहीं है। ऐसे में शव पलवल के नाले तक कैसे पहुंच गया। उन्होंने बताया कि पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। बृहस्पतिवार को परिजनों ने एक युवती सहित तीन लोगों पर हत्या का शक जताया है। परिजनों में राजेंद्र सिंह, राजू, महेंद्र, डॉ. सुखबीर सैनी, डॉ. संदीप और मिट्टू सैनी आदि ने हत्या के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।