फरीदाबाद। पुलिस ने रविवार को शिक्षक दिवस को जिम्मेदार नागरिकों का सम्मान करते हुए मनाया। पुलिस ने गश्त के दौरान मिलने वाले जिम्मेदार नागरिकों के कार्यों की सराहना की। उन्हें ‘थैंक्यू टीचर’ बोला।
पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि हर जिम्मेदार नागरिक एक शिक्षक है। थैंक्यू टीचर्स के माध्यम से पुलिस टीम ने लोगों को अभिनंदन पत्र देकर टीचर्स डे की बधाई दी। महिला थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर गीता, थाना प्रबंधक एनआईटी इंस्पेक्टर माया ,महिला थाना बल्लभगढ़ इंस्पेक्टर नेहा और उनकी टीम ने विभिन्न लोगों को अभिनंदन पत्र दिया। जिसमें नियमित रूप से उनके द्वारा निर्वहन की गई सामाजिक जिम्मेदारियों का उल्लेख था। पत्र में माता-पिता व अभिभावकों द्वारा अपने बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों बारे दी गयी शिक्षा, वर्तमान आईटी के दौर में सभी को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने का तरीका समझाने, महिलाओं का सम्मान करने, नशे से दूर रहने व कोविड सुरक्षा नियमों की अनुपालना करने जैसे सामाजिक जागरूकता के कार्य शामिल थे।