फरीदाबाद। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी(एफएमडीए) तेजी से काम कर रहा है। एफएमडीए शहर से वांलिटियर और दानदाताओं की सूची तैयार कर रहा है। बृहस्पतिवार को हुई ऑनलाइन बैठक में इसके लिए कोविड 19 गार्जियन ऐप का लिंक जारी किया है। जिसमें कोई भी व्यक्ति मांगी गई जानकारी भरकर पंजीकृत हो सकता है। दूसरी लहर के प्रकोप से सबक लेकर एफएमडीए मोबाइल ऐप के जरिए एक पूरी टीम तैयार करने पर काम कर रहा है।
इसके जरिए शहर के सभी सहायता करने वाले लोगों को एक मंच पर जोड़ा जाएगा। एफएमडीए की एडिशनल सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल ने बताया कि एफएमडीए ने गार्जियन ऐप की शुरुआत की है। इसका एक लिंक जारी किया गया है। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलेंडर, कंसंट्रेटर, दवाइयां, ब्लड, वाहन आदि की मदद पहुंचाने वाले लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। तीसरी लहर में जरूरत पड़ने पर इन सभी की मदद ली जा सकती है।