फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में कराए जा रहे विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए बड़खल विधानसभा की विधायक सीमा त्रिखा ने गोल्फ क्लब में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों से विकास परियोजनाओं का पूरा ब्योरा मांगा। विकास कार्य तय समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। बड़खल झील के कार्य में देरी होने पर नाराजगी जताई है।
बैठक में क्षेत्र की सड़कों व पार्कों के सुधारीकरण, शहर के गोल चक्कर के सुंदरीकरण, स्ट्रीट लाइटों, बिजली आपूर्ति को और बेहतर बनाने, पेयजल व सीवर लाइनों को दुरुस्त करने समेत अन्य सभी प्रकार के विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के लिए सरकार की ओर से जो धनराशि दी गई है, उसे खर्च करें। विधायक ने विकसित की जा रही बड़खल झील के कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी भी जाहिर की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को जल्द से पूरा किया जाए।
वहीं अधिकारियों ने विधायक को बताया कि शहर में स्मार्ट सिटी के तहत 20 किलोमीटर की सड़कों पर अंडरग्राउंड तार बिछाने का कार्य होना है और अब तक इसका 50 प्रतिशत कार्य पूरा भी हो चुका है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सेक्टर 21बी के स्मार्ट पार्क, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, 10 स्थानों पर ई-टॉयलेट तथा ओपन एयर स्मार्ट जिम सहित कई कार्य पूरे हो चुके हैं। कई परियोजनाओं की डीपीआर भी तैयार की गई है। बैठक में अरबिंद, निर्मल कुमार, असद अहमद, वरुण कुमार, मोहित,जेई तरुण शर्मा,किशोर, अजय मिश्रा, अमित कुमार व अमनपाल आदि उपस्थित रहे।