फरीदाबाद। कोरोना के नए मामलों पर फिलहाल अंकुश है। जिले में एक बार फिर न्यूनतम मामले मिलने लगे हैं। इसके साथ ही भर्ती मामलों में भी कमी आने लगी है। बीते 14 दिन के अंदर जिले में भर्ती मामलों में 75 फीसदी तक कमी आई है। मौजूदा समय में 56 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। जनवरी के दूसरे सप्ताह में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े। वहीं, माह बीतने के साथ मामलों में कमी आने लगी।
फरवरी के पहले सप्ताह के अंत तक जिले में मामलों की संख्या एक बार फिर दिसंबर माह में मिलने वाले आंकड़ों के बराबर पहुंचने लगी है। जनवरी के दूसरे सप्ताह तक जिले में 229 कोरोना संक्रमित अस्पताल में भर्ती थे। तेजी से इस आंकड़े में गिरावट आई है। फिलहाल 56 मरीज उपचाराधीन हैं। जिले में 22 जनवरी तक 43 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहे। रविवार तक जिले में केवल 20 मरीज ही आईसीयू में भर्ती है।
--
कोरोना संक्रमण की फिलहाल गंभीर स्थिति जिले में नहीं है। अस्पताल में भर्ती मामले भी तेजी से घटने लगे हैं। हालांकि कोरोना की तीन लहर देखने के बाद इसे लेकर बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। सावधान रहें और सुरक्षित रहें।
- डॉ. रामभगत, कोविड-19 नोडल अधिकारी