फरीदाबाद। जिले में सोमवार को कोरोना के चार नए मामले आए हैं। अब सक्रिय केस बढ़कर 20 हो गए हैं। वहीं, सोमवार को भी सेक्टर 15 से दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि, रविवार को मिले सात संक्रमितों के संपर्क में आने वाले व अन्य को मिलाकर 97 सैंपल लिए गए हैं।
कोरोना के नोडल अधिकारी व डिप्टी सीएमओ डॉ. राम भगत ने बताया कि सोमवार को सेक्टर 15 से दो, सेक्टर 87 व ग्रीन फिल्ड कॉलोनी से एक-एक मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को सेक्टर 15 में तीन घरों से सात लोग संक्रमित मिले थे। इसमें चार बच्चे शामिल थे। सोमवार को भी उन्हीं के घरों से दो लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं।
उन्होंने बताया कि तीनों परिवारों के लोगों के कोरोना सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा अन्य लोगों के मिलाकर 97 लोगों का सेक्टर 15 से सैंपल लिया गया है। सेक्टर के लोगों की स्क्रीनिंग के लिए एक टीम को लगाया गया है। जो रोजाना सैंपल लेगी। उन्होंने बताया कि कोरोना को लेकर लोग लापरवाही न बरते। बता दें कि रविवार को चार माह बाद दस कोरोना मरीज आए थे। इसमें सात मरीज सेक्टर 15 से थे। इसमें चार बच्चे भी शामिल थे। अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से विभाग ने कोरोना की जांच तेज कर दी है। बीके अस्पताल में सोमवार को कोरोना टेस्ट कराने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
सभी मरीज घर पर : आयुक्त
उपायुक्त जितेंद्र यादव ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव कोई केस अस्पताल में भर्ती नहीं है। होम आइसोलेशन में 20 मरीज है। एक्टिव केसों की संख्या भी 20 हो गई है। जिला में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए टेस्टिंग और वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। 24 घंटे में 2054 लोगों टेस्ट किए गए। 1347 लोगों के रिजल्ट आने बाकी है। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि कोरोना को मात देने के लिए सावधानी लगातार बरतते रहें।