- राज्य आंतरिक मूल्यांकन टीम की ओर से चल रहे चार दिवसीय निरीक्षण में आए स्वास्थ्य महानिदेशक
- निरोगी योजना के प्रति उदासीन रवैया अपनाने वाले छह स्वास्थ्य केंद्रों के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राज्य आंतरिक मूल्यांकन टीम की ओर से चल रहा चार दिवसीय निरीक्षण बृहस्पतिवार को पूरा हुआ। मूल्यांकन के दौरान पाई गई खामियों की समीक्षा करने के लिए अंतिम दिन स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रणदीप सिंह पूनिया अरावली गोल्फ क्लब पहुंचे। डॉ. पुनिया ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए कि सभी टीबी केंद्रों पर जाकर दौरा करें और दवा की समस्या को दूर किया जाए। इस दौरान निरोगी योजना के प्रति उदासीन रवैया अपनाने वाले छह स्वास्थ्य केंद्रों के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से (शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) यूपीएचसी भीम बस्ती, यूपीएचसी नंगला एन्क्लेव, यूपीएचसी डबुआ कॉलोनी, यूपीएचसी हरि विहार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहना व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली के चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसका जवाब एक सप्ताह के अंदर देना होगा। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छोड़ा नहीं जाएगा। लापरवाही मिलने पर तुरंत बर्खास्त किया जाएगा।
राज्य आंतरिक मूल्यांकन टीम में राज्य टीबी अधिकारी डॉ. हितेश वर्मा के अलावा चार जिलों के टीबी अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन सलाहकार, राज्य टीबी अकाउंटेंट, राज्य टीबी ड्रग फार्मासिस्ट सहित 26 कर्मचारियों की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, टीबी यूनिट का औचक निरीक्षण किया। कई केंद्रों पर रोगियों का पंजीकरण कम संख्या में दिखाया गया है। इसके अलावा टीबी रोगियों ने कम दवा देने का आरोप भी लगाया है। अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता, जिला टीबी उन्मूलन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरजिंदर सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भगत, डॉ राजेश श्योकंद, डॉ. सुशील अहलावत, डॉ. विकास शर्मा, डॉ एके यादव, डॉ. मोहित अग्रवाल, डॉ. योगेश गुप्ता, टीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर सुभाष गहलोत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।