पकड़ी गईं युवतियों को मेडिकल के लिए ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के फरीदाबाद के नीलम बाटा रोड स्थित होटल द अर्बन में बुधवार देर रात हुई कार्रवाई किसी और ने नहीं बल्कि होटल के मालिक ने ही कराई थी। होटल मालिक ने बिल्डिंग को किराए पर दे रखा है। किराएदार तीन पार्टनर हैं। आरोपी यहां कई महीने से अश्लील डांस व अनैतिक कार्यों को अंजाम दे रहे थे।
होटल मालिक ने कई बार ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी। इस पर आरोपियों ने उन्हें ही लड़कियों से झूठी शिकायत दिलवाकर केस में फंसाने की धमकी दी थी।। परेशान होकर होटल मालिक ने पुलिस आयुक्त को आपबीती बताई।
होटल मालिक त्रिलोक के भाई अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब छह माह पहले ये होटल गांव कारना पलवल निवासी हरवीर की पत्नी कंचन, नंगला इन्क्लेव निवासी हरेंदर की पत्नी अंजलि भाटी व सेक्टर-22 निवासी मनोज चाहर की पत्नी कविता चाहर को किराए पर दिया था।
तीनों आरोपी आपस में पार्टनर हैं। सभी ने अपनी पत्नियों के नाम पर एग्रीमेंट करवा रखा था। अजय का आरोप है कि एग्रीमेंट करवाने के बाद से आरोपियों ने एक बार भी उन्हें किराया नहीं दिया। जब भी वह किराए की बात कहते तो आरोपी उन्हें धमकी देते कि उनके पास काफी लड़कियां हैं। वे उनसे झूठी शिकायत दिलवा कर उन्हें केस में फंसवा देंगे। इसके अलावा कई बार मारपीट करने की धमकी भी दी।