उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रोफेसर और कर्मचारियों को दिया जा रहा है प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों में अगले सत्र से नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत दाखिला होगा। राजकीय महाविद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का काम शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जल्द दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। जून के प्रथम सप्ताह से ऑनलाइन दाखिले की प्रकिया शुरू हो सकती है।
नए शिक्षा सत्र से जिले के महाविद्यालयों में नई शिक्षा नीति के तहत एक समान पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके तहत रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से सभी महाविद्यालयों में समान पाठ्यक्रम शुरू किया जा सकता है। सेक्टर-16 महिला महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रो. बलवीर दहिया ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय के प्रधानाचार्य और उनके प्रतिनिधियों को नई शिक्षा नीति के संबंध में लगातार जानकारी दी जा रही है। इसकी रूपरेखा तैयार कर अभी तक महाविद्यालय प्रबंधन को नहीं सौंपा गई है। नए सत्र से इस योजना के तहत स्नातक में दाखिले की प्रकिया शुरू हो सकती है।
वरिष्ठ प्रोफेसर का कहना है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच की दूरियों को कम करना है। जहां तक विषय वस्तु की बात है तो उसमें कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, यह परिवर्तन शिक्षण की विधि में किया जा सकता है। पाठ्यक्रम में रटने के बजाय, अवधारणात्मक समझ पर जोर दिया जाएगा। शिक्षकों को विषय वस्तु में कौशल, शिक्षण, ज्ञान, व्यवहारिक उपयोग, समझ के साथ सीखने के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध होगी। लक्ष्य का ध्यान रखा जाएगा, लक्ष्य तक पहुंचने वाली सभी बाधाओं से विद्यार्थियों को भलीभांति अवगत भी कराया जाएगा।
युवाओं को रोजगार देने वाली होगी शिक्षा नीति 2020
यह शिक्षा नीति विद्यार्थियों को रोजगार देने लायक बनाएगी। विद्यार्थियों की पसंद से शिक्षा व्यवस्था बनेगी। इसके परिणाम वर्ष 2040 तक मिलना शुरू हो जाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत युवाओं को रोजगार पाने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बनाया जाएगा। रुचि के अनुसार विषय चुनने की आजादी होगी। नई शिक्षा व्यवस्था में बहुविषयक पाठ्यक्रम, योग्यता बढ़ोतरी, कौशल विकास तथा नैतिक मूल्यों संबंधित पाठ्यक्रम तथा इंटर्नशिप शामिल हैं।
नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक में दाखिले की प्रकिया शुरू हो सकती है। इसके लिए विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण दिया जाता है। सबकुछ ठीक रहा तो मई के अंतिम सप्ताह से दाखिले की प्रकिया शुरू हो सकती है।
- डॉ. सुनिधि, प्रधानाचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय