राजीव कॉलोनी निवासी एक 68 साल के बुजुर्ग को मां-बेटे व महिला ने हनीट्रैप में फंसाकर 2.10 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपी इतने पर भी नहीं माने। बुजुर्ग से अभी भी 1.10 लाख की मांग की जा रही थी। बुजुर्ग ने मामले की जानकारी क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 को दी। टीम ने अपना जाल बिछाया और आरोपी धरे गए। आरोपी रिश्ते में मां-बेटा हैं। आरोपियों का साथ देने वाली अन्य महिला की तलाश की जा रही है। सेक्टर-58 थाना में केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 68 वर्षीय बुजुर्ग एक कंपनी से सेवानिवृत्त हैं। उनके बच्चे अलग रहते हैं। उन्होंने कुछ कमरे भी किराए पर दे रखे हैं। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि करीब एक साल से शीला नाम की महिला उनके नजदीक आने की कोशिश कर रही थी। उसने बुजुर्ग से कहा, आप घर में अकेले रहते हो, आपके लिए घरेलू सहायिका का प्रबंध कर देती हूं। बुजुर्ग ने इसके लिए मना कर दिया था। इसके बावजूद सात अगस्त को शीला अपने साथ कौशल्या नाम की एक महिला को ले आई।