फरीदाबाद। सब्जियों के दामों में हुई बढ़ोतरी ने महिलाओं की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। पिछले सप्ताह के मुकाबले पांच रुपये से 40 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। लोगों की थाली से सलाद भी गायब होने लगा है। व्यापारियों का मानना है कि बीते दिनों हुई बारिश की वजह सब्जी बर्बाद हुई है। इसी वजह से दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सब्जियों के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी से लोगों की चिंता बढ़ गई है। सबसे ज्यादा दाम मटर, बींस, अदरक, गोभी, हरा धनिया, टमाटर, प्याज, कद्दू, लौकी के बढ़े हैं। दाम बढ़ने से लोगों द्वारा कम खरीदारी करने से व्यापारियों के माथे पर भी चिंता की लकीरें नजर आने लगी हैं। व्यापारियों के मुताबिक आवक महंगी होने के कारण वह भी ग्राहक को ऊंचे दाम पर बेच रहे हैं।
एनआईटी पांच की मार्केट में सब्जियों के दाम
एक सप्ताह पहले के दाम और अब
सब्जी पहले अब
टमाटर 50 80
मटर 80 100
पेठा 15 20
लौकी 15 20
तोरी 20 30
करेला 30 40
बैंगन 20 30
खीरा 20 40
गोभी 60 100
बींस 80 120
भिंडी 20 30
आलू 20 30
प्याज 20 30
परवल 40 60
अदरक 60 80
हरा धनिया पत्ता 60 100
--
क्या कहना है लोगों का
सब्जियों के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया है। हरी सब्जियां लगभग थाली से गायब होती जा रही हैं।
- कविता, गृहिणी
--
सब्जियों के दाम में अचानक उछाल आने से सबसे ज्यादा परेशानी आम आदमी को हो रही है। महंगाई से सबसे ज्यादा आम आदमी प्रभावित है। - जगमोहन
सब्जियों के दाम में अचानक बढ़ोतरी हुई है। महंगा माल आने के कारण हम भी महंगी सब्जियां बेचने के लिए मजबूर हैं।
- मोहम्मद हमीद, व्यापारी, मार्केट, एनआइटी-पांच
मौसम में हुए बदलाव के कारण सब्जियां महंगी हो गई है। सभी पर लगभग 5 से 40 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम और अधिक बढ़ सकते हैं।
- पप्पू, व्यापारी, मार्केट, एनआईटी-पांच