फरीदाबाद। कॉलेजों में दाखिले से वंचित रह गए छात्रों के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने एक और मौका दिया है। नए आदेश के तहत अब छात्र दो सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद कागजात जांच और दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दूसरी ओर, बृहस्पतिवार को भी आवेदन करने वाले विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए गए। कुछ कॉलेजों में सर्वर धीमा चलने की शिकायत आई। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने 16 अगस्त को कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी और 26 अगस्त तक आवेदन करने की अंतिम तिथि निश्चित की थी। अब तिथि को करीब एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। बृहस्पतिवार को शहर के सभी सात सरकारी व तीन निजी महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया जारी रही। अंतिम दिन होने के कारण अन्य दिनों के मुकाबले काफी भीड़ थी।
सर्वर धीमा चलने की शिकायत रही
हालांकि, परिवार पहचान पत्र और सर्वर धीमा होने की समस्या बरकरार है। आवेदन के समय छात्रों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिनका समाधान करने के लिए महाविद्यालयों में हर कोर्स व विषय के हिसाब से कमेटी बनाई हुई है। पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य एमके गुप्ता ने कहा कि कॉलेज में बनाई गई कमेटी ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया में आने वाली दिक्कतों का समाधान कर रही है। प्रतिदिन आने वाली समस्याओं के आधार पर इन वीडियो बनाए जा रहा है। इन्हें छात्रों तक पहुंचाया जा रहा है। छात्रों के करियर संबंधित उलझनों व दाखिले की समस्याओं को दूर करने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
नेहरू कॉलेज छात्रों की पहली पसंद
प्रार्चाय एमके गुप्ता ने बताया कि पिछले 10 दिनों से कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया के दौरान सबसे अधिक छात्रों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय को चुका। यहां करीब नौ हजार छात्रों ने आवेदन किया। बृहस्पतिवार को करीब सात सौ आवेदन और आए। इसी तरह तिगांव कॉलेज में करीब तीन हजार आवेदन प्राप्त हुए है।