मौके से एक युवक को किया गिरफ्तार, मालिक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना सेक्टर-17 पुलिस ने सब्जी मंडी सेक्टर-16 में चल रहे अवैध हुक्का बार कैफे-52 में छापा मारकर बंद करा दिया। जहां ये हुक्का बार चलाया जा रहा था, वह जगह सेक्टर 16 पुलिस चौकी के ठीक सामने की सब्जी मंडी में है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान हुक्का बार में काम करने वाले युवक विनीत जंगालिया (19) को गिरफ्तार कर लिया है। मौका देखकर मालिक व अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को सूचना मिली कि सब्जी मंडी सेक्टर-16 में दुकान नंबर 17 के प्रथम तल पर कैफे-52 की आड़ में हुक्का बार चल रहा है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान देखा कुछ युवक मौके पर हुक्का पी रहे थे, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने मौके से विनीत जंगालिया (19) नाम के युवक को काबू कर लिया। युवक ने बताया कि वह यहां हुक्का भरकर पिलाने का काम करता है। कैफे का मालिक बाढ़ मोहल्ला निवासी गुरूदत्त नाम का युवक है। युवक ने बताया कि वह महात्मा गांधी काॅलोनी वाल्मीकि बस्ती में रहता है। पुलिस को कैफे की जांच करने पर मेज पर चिलम सहित दो हुक्के चालू हालत में मिले। पुलिस ने तरल रूप में एक निकोटिन का पैकेट भी बरामद किया। इसके अलावा तीन सफेद रंग के पैकेट भी पुलिस को मिले हैं। इनमें से एक पैकेट बंद, जबकि दो खुले हुए हैं। पुलिस ने सारा सामान जब्त करने के बाद संचालक सहित अन्य के खिलाफ कोटपा एवं पोइजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।