फरीदाबाद। शिवरात्रि पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने जिले के शिवालयों में भोले बाबा का जलाभिषेक किया गया। अलसुबह मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। आदिदेव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी उत्सुकता से लोग इंतजार कर रहे थे। मंदिर ओम नम: शिवाय और बम भोले के जयकारों से गूंज उठे।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, फूल, धतूरा और पंचामृत अर्पित कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की मनोकामना की। हालांकि, कोरोना काल के चलते मंदिरों में लोगों को सैनिटाइजर और मास्क के साथ प्रवेश दिया जा रहा था। सावन महीने में पड़ने वाली शिवरात्रि का विशेष महत्व होता है। बृहस्पतिवार को शिवरात्रि के मौके पर लोगों की भीड़ मंदिरों में उमड़ती दिखाई दी। जिले के सैनिक कॉलोनी के प्राचीन शिव मंदिर, एनआईटी के शिव मंदिर, सेक्टर-8 नीलकंठ महादेव मंदिर, नीलम रोड बांके बिहारी मंदिर और बल्लभगढ़ के चावला कॉलोनी के पथवारी मंदिर में सुबह पांच बजे से ही पूजा का सामान लेकर शिवालयों में लोग पहुंचने शुरू हो गए।