फरीदाबाद। बृहस्पतिवार रात को 22 वर्षीय युवक की हत्या मामले में क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान एसी नगर निवासी नितिन, पवन बिहारी, राहुल और हर्ष उर्फ भैंगा के रूप में हुई है, जबकि एक आरोपी कृष्ण उर्फ पकौड़ा अब भी फरार है। बृहस्पतिवार रात मृतक शिवा और उसके चाचा सुनील एसी नगर से खाना लेकर सफदरजंग अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में रेलवे ट्रैक के पास उन्हें नशे में धुत पांचों आरोपी मिले। नशे में आरोपियों ने उन्हें गाली देना शुरू कर दिया। जिस पर दोनों ने विरोध किया। इसी के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। झगड़े को लेकर आरोपियों ने शिवा और सुनील पर चाकू से कई वार किए।
इससे शिवा की मौत हो गई और सुनील को गंभीर चोटें आई। पीड़ित सुनील की शिकायत पर थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने वारदात में शामिल 4 आरोपियों को शनिवार को सेक्टर 20 बी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नशे की हालत में उनकी शिवा और सुनील के साथ कहासुनी हो गई, जिसमें उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग चाकू, जूते तथा कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि आरोपी नितिन तथा कृष्ण उर्फ पकोड़ा का खिलाफ लूट तथा स्नैचिंग के दो मामले दर्ज है, जिसमें आरोपी जेल की सजा भी काट चुके हैं। चारों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपी नितिन को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। अन्य 3 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।