फरीदाबाद। कैंसर का इलाज करने का दावा कर एक व्यक्ति ने मरीज के परिजनों से लाखों रुपये हड़प लिए। इस दौरान मरीज की मौत हो गई। घटना अप्रैल माह की है। पुलिस ने अब मामला दर्ज किया है। सेक्टर-31 निवासी महावीर प्रसाद ने पुलिस को बताया कि उनका सबसे छोटा भाई राम प्रकाश फतेहाबाद में सब इंस्पेक्टर था। उसके भाई को गले का कैंसर था। उसका एशियन व वेदांता अस्पताल में इलाज चलाया गया। इस दौरान उन्हें पता लगा कि ग्रेटर फरीदाबाद निवासी धनेश्वर कैंसर का इलाज करता है। वह उससे मिलने के लिए गए।
धनेश्वर ने खुद को डॉक्टर बताया। उसने कैंसर का इलाज कर भाई को स्वस्थ करने की 100 फीसदी गारंटी ली। उन्होंने भाई का इलाज कराना शुरू कर दिया। इस दौरान धनेश्वर ने उनसे छह लाख से अधिक रुपये ले लिए। 8 अप्रैल को उनके भाई की मौत हो गई। महावीर ने इसकी शिकायत डीसीपी क्राइम को दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।