फरीदाबाद। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान संक्रमितों को बचाने व लोगों को जागरूक करने के मामले में फरीदाबाद देश का पहला जिला बना है। रविवार को दिल्ली में एक निजी मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिले को यह उपाधि दी गई। कार्यक्रम में उपायुक्त जितेंद्र यादव, स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल, निगमायुक्त यशपाल यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला उपायुक्त जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की लगभग जनसंख्या 15 लाख 81 हजार है। इन सभी को कोरोना रोधी वैक्सीन की पहली डोज लगा दी गई है। इसके अलावा सभी लोगों को दीवाली तक दूसरी डोज लगा दी जाएगी। वहीं अस्पतालों में दूसरे प्रदेशों के मरीजों का भी इलाज किया गया।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दी गई। इसके अलावा जिले में लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बड़े स्तर पर जागरूक किया गया। लोगों को मास्क पहनने, हाथों को साबुन व सैनिटाइजर से साफ करने, सामाजिक दूरी बनाने आदि के बारे में बताया गया। कोरोना की रोकथाम में जिले के लोगों ने भी पूरी भागीदारी दी।