- सोने में मुनाफा और सस्ते ड्राई फ्रूट का लालच देकर साइबर ठगों ने लगाई दोनों को चपत
संवाद न्यूज एजेंसी
फदीदाबाद। तमाम जागरूकता अभियान के बाद भी लोग साइबर ठगों के जाल में फंसकर अपने लाखों रुपये गंवा रहे हैं। ठगों ने इस बार एक इंजीनियर और सेवानिवृत एसडीओ को 15 लाख रुपये का चूना लगाया है। पुलिस ने दोनों केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में सेक्टर-28 निवासी जितेंद्र कुमार आहलुवालिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। 29 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर दीक्षा नाम की युवती का संदेश आया। उसमें सोने में निवेश पर बेहतर मुनाफा दिलाने की एक स्कीम थी। युवती ने कहा उसकी कंपनी सेंचुरी ग्लोबल गोल्ड कैपिटल सोने में निवेश कराती है। उसने अपनी कंपनी का लिंक भेजने के बाद चैट के माध्यम से बताया उसके पिता व चाचा काफी समय से सोने में निवेश का कारोबार कर रहे हैं। इसमें काफी मुनाफा है। दीक्षा ने अपनी कंपनी से संबंधित कुछ दस्तावेज भी भेजे, जिससे जितेंद्र को उसकी बातों पर पूरा विश्वास हो गया। आरोप है युवती ने नौ नवंबर 2023 को उनसे 50 हजार रुपये का सोने में निवेश करा लिए। इसके बदले में उन्हें छह हजार रुपये का मुनाफा हुआ। पैसा समय से वापस आने पर जितेंद्र का भरोसा कंपनी के लिए बढ़ गया। इसके बाद 16 नवंबर से एक दिसंबर तक युवती ने विभिन्न खातों में 13.50 लाख रुपये निवेश करा लिए। युवती द्वारा दिए गए कंपनी की वेबसाइट पर बने जितेंद्र के अकाउंट पर मुनाफे सहित 34 लाख रुपये की रकम दिखाई गई थी। जितेंद्र ने आठ लाख रुपये निकालने की कोशिश की तो उनसे 30 प्रतिशत पैसा टैक्स के रूप में पहले जमा कराने को कहा गया। अब जितेंद्र को ठगी का अहसास होने लगा। थोड़ी जांच में पता लगा सब धोखा है।
सस्ते ड्राई फ्रूट के चक्कर में एक सेवानिवृत्त एसडीओ के 99 हजार ठगे
दूसरे मामले में एक सेवानिवृत एसडीओ ने ऑनलाइन कंपनी की वेबसाइट पर सस्ते ड्राई फ्रूट खरीदने के चक्कर में 99 हजार गंवा दिए। सेक्टर-19 निवासी जुगल किशोर मंगला ने पुलिस को बताया वह एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हैं। 27 सितंबर 2023 को उन्होंने डी-मार्ट रेडी व 24 डील्स पर काजू और बादाम 299 रुपये प्रति किलोग्राम के रेट पर देखे। सस्ते दाम देखकर उन्होंने लिंक पर लॉग-इन कर दिया। ऐप में खुली एक एप्लीकेशन में काजू व बादाम का कांबो पैक था। उन्होंने क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर दिया। आरोप है भुगतान के कुछ देर बाद ही उसके खाते से कई बार में 99,685 रुपये कट गए। पुलिस ने दोनों केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।