संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले नगर निगम, पब्लिक हेल्थ, बिजली, रोडवेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों ने शनिवार को परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में मंत्री के सचिव को ज्ञापन दिया।
प्रदर्शनकारी जनस्वास्थ्य विभाग के सेक्टर-11 वाईएमसीए रोड के नजदीक एकत्रित हुए तथा वहां से प्रदर्शन करते हुए परिवहन मंत्री के कार्यालय पर पहुंचे। जहां कर्मचारियों के सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान नरेश शास्त्री, प्रधान करतार सिंह जागलान, युद्धवीर खत्री, महासचिव सुभाष देशवाल व नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के जिला प्रधान गुरचण सिंह खांडिया ने किया। मूलचंद शर्मा की अनुपस्थित में उनके सचिव बृजभूषण शर्मा को 15 सूत्रीय मांगपत्र दिया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि संघ द्वारा ठेका प्रथा समाप्त करने, रिक्त पदों को पक्की भारती से भरने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने, पुरानी पेंशन लागू करने, प्रदेश में आठवां वेतन आयोग का गठन करने, वेतन विसंगति और दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर विधायकों एवं मंत्रियों को ज्ञापन दिए जा रहे हैं। शास्त्री ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर समाधान के कोई कदम नहीं उठाए तो वे आम जनता में भी सरकार के कर्मचारी विरोधी चेहरे को बेनकाब करेंगे।