सोसाइटी की 16वीं मंजिल से गिरा बच्चा
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित आरपीएस सवाना सोसाइटी की 16वीं मंजिल से गिरकर आठ साल के मासूम की मौत हो गई। लहूलुहान हालत में बच्चे को जमीन पर गिरा देख मौजूद सुरक्षाकर्मी मौके की तरफ दौड़े। आनन-फानन में उन्होंने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
आरपीएस सवाना सोसाइटी के पी-12 टावर में संदीप सिंह परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को वह और उनकी पत्नी स्वीटी कमरे में थे। उनका आठ साल का इकलौता बेटा आयुष कमरे से बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते आयुष पीछे की तरफ बालकनी में चला गया। बालकनी की ग्रिल तकरीबन चार फीट ऊंची थी। न जाने कैसे वह ग्रिल को पार कर बिल्डिंग से नीचे गिर पड़ा। बच्चे के गिरने की तेज आवाज सुनकर वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी बाबूलाल और रोहित का ध्यान उस तरफ गया।
लहूलुहान हालत में बच्चे को गिरा देख दोनों मौके की तरफ दौड़ पड़े। बिना देरी किए दोनों बच्चे को लेकर नजदीकी निजी अस्पताल में पहुंच गए, जहां पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। तब तक मृतक आयुष के माता-पिता को घटना की जानकारी नहीं मिल पाई थी। दोनों सुरक्षाकर्मियों ने लोगों ने पूछताछ कर उनके माता-पिता के बारे में पता लगाया। तब जाकर संदीप सिंह को घटना के बारे में जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पिता संदीप और मां स्वीटी बदहवास हो गए। इकलौते बेटे की मौत से रो-रोकर उनका बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक बीके अस्पताल में भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे की मौत से सोसायटी में गमगीन माहौल है।
शुक्रवार को नोएडा में 16वीं मंजिल से गिरकर 11 वर्षीय छात्रा की हुई थी मौत
बता दें, इससे पहले नोएडा के सेक्टर-74 स्थित अजनारा ग्रैंड सोसाइटी में शुक्रवार रात 16वीं मंजिल से गिरकर 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई थी। इस मामले में अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन (एओए) के अध्यक्ष विवेक कुमार ने सोसाइटी के फ्लैटों की बालकनी में लगी ग्रिल की ऊंचाई काफी कम होने का आरोप लगाया था।