आईपी कॉलोनी में 10 साल के बच्चे पर कुत्ते ने किया हमला
बच्चा पार्क के पास बने मॉल से सामान लेने गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में कुत्तों के काटने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बृहस्पतिवार की शाम को सेक्टर-30 स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहने वाली दो बच्चियों पर लावारिस कुत्तों ने हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बच्चियों की चीख सुनकर कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि दो दिन के अंदर 5 बच्चों पर लावारिस कुत्ते हमला कर चुके हैं। शुक्रवार को सार्वजनिक अधिकार संरक्षण मंच के लोगों ने निगमायुक्त को लिखित शिकायत दी।
शहर में लावारिस कुत्तों के काटने के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। सेक्टर-30 स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी प्रीतपाल सिंह और अमित ने बताया कि उनकी 14 साल की बेटी है, जो 8वीं कक्षा की छात्रा है। दोनों सी-ब्लॉक में ट्यूशन पढ़ने जाती हैं। बृहस्पतिवार की शाम दोनों बच्ची ट्यूशन के लिए अलग अलग समय पर घर से निकली थीं। जैसे ही वह दोनों ट्यूशन के पास पहुंची। तो दोनों बच्चियों पर लावारिस कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों पर कुत्तों ने आधे घंटे के अंतराल पर हमला किया। स्थानीय लोग बच्चियों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। श्याम पंडित ने बताया कि मंगलवार को 10 साल का बेटा राघव रात करीब 9 बजे पार्क के सामने बने मॉल से कुछ सामान लेने के लिए गया था। सामान लेकर वापस आ रहा था, तो मॉल के बाहर काफी संख्या में लावारिस कुत्ते ऐ। तभी उन कुत्तों ने उनके बेटे पर हमला कर दिया। इसके अलावा बुधवार को भी कॉलोनी के दो अन्य बच्चों पर भी लावारिस कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया था।
आयुक्त को दी शिकायत
शहर में लावारिस कुत्तों के काटने के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। शहर की सोसाइटियों, कॉलोनियों व सेक्टरों के आस-पास घूम रहे लावारिस कुत्ते लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कुत्तों को पकड़ने और टीकाकरण के लिए नगर निगम की तैयारी हवा-हवाई साबित हो रही है। शुक्रवार को सार्वजनिक अधिकार संरक्षण मंच के सुशील सचदेवा प्रधान, नरूला, विपिन गुलाटी, विवेक सचदेवा, गिगी जॉर्ज, कपिल मलिक, केतन सूरी ने बताया कि लावारिस कुत्तों के द्वारा हमला करने की शिकायत नगर निगम आयुक्त ए मोना श्रीनिवास को दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले के सभी लोगों से इस मुद्दे को लेकर बैठक करेंगी और उसके बाद कोई समाधान निकाला जाएगा।