- पहली बार निगम लगा रहा, पहले नहीं बरती जाती थी पारदर्शिता
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम दशहरा मेला को लेकर एनआईटी स्थित दशहरा मैदान को अस्थाई पट्टे पर देने के लिए इस साल खुली बोली लगाने जा रहा है। इसके लिए सोमवार को निगम मुख्यालय में बोली लगेगी। पहले डीसी से स्वीकृत लेने वाली संस्था को मैदान मेले के लिए मिल जाता था। इसे लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
एनआईटी स्थित दशहरा मैदान में हर साल दशहरा मेला का आयोजन होता है। साथ ही इसमें रामलीला का भी आयोजन होता है। शहर के बीच होने से त्योहार पर यहां पर काफी लोगों की भीड़ रहती है। पहले कुछ संस्थाएं जिला प्रशासन से स्वीकृत लेने के बाद एक तय राशि देकर मैदान में मेले का आयोजन करती रही हैं। ऐसे में कई बार दशहरा मैदान को लेने के लिए विवाद हो जाता था। इस बार नगर निगम मैदान को लीज पर देने के लिए खुली बोली लगाने जा रहा है। जिससे दशहरा मैदान को देने में पारदर्शिता बनी रही और किसी प्रकार का विवाद भी न हो।
एनआईटी जोन के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी पदम सिंह ढांडा ने बताया कि नौ अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे निगम सभागार में एनआईटी दशहरा ग्राउंड के कुछ भाग को 13 से 31 अक्तूबर तक लगने वाले दशहरे मेले के लिए खुली बोली लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्थाई रूप से मैदान को दिया जाएगा। जेडटीओ ने बताया कि जिस संस्था या व्यक्ति के पास जीएसटी पंजीकरण हैं वो इसमें भाग ले सकता है। बोली के संचालन के लिए अतिरिक्त आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है।