किशोरी से दुष्कर्म मामले की जांच में सुरक्षा चूक की पुष्टि
फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल में हुए किशोरी से दुष्कर्म मामले की जांच कर रही टीम ने इस घटना के लिए सुरक्षाकर्मियों की चूक बताया है। विशेष रूप से उस रात अस्पताल के वार्ड में तैनात दो सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी है। अस्पताल प्रशासन ने लापरवाह सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ आई इस रिपोर्ट के बाद सिक्योरिटी कंपनी गोल्डन रे को नोटिस जारी किया। इसके बाद आननफानन में सिक्योरिटी कंपनी ने अपनी एक महिला सुरक्षाकर्मी समेत दो की सेवा समाप्त कर दी।
एक सप्ताह पहले अस्पताल में हुए 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म की वारदात के बाद से ही कार्यकारी प्रधान चिकित्सा विरेंद्र यादव ने पांच सदस्यीय टीम का गठन किया था। टीम को पहले बीते शुक्रवार और फिर बाद में सोमवार को अपनी रिपोर्ट देनी थी, मगर टीम ने अपनी रिपोर्ट मंगलवार को सौंपी। जांच टीम में शामिल डॉ. रचना, डॉ. प्रोनिता और डॉ. रमेश के साथ ही अन्य दो विशेषज्ञों ने अपनी जांच में माना कि यह पूरी वारदात अस्पताल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही से घटित हुई थी। महिला सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बयानों के आधार पर दी गई है।
उधर, सुरक्षा में खामी वाली इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अनुबंधित सिक्योरिटी कंपनी ने अपने सभी 24 सुरक्षाकर्मी और दो सुपरवाइजरों को 24 घंटे सावधान होकर अलर्ट होने के आदेश दिए हैं।
दुष्कर्म प्रकरण की जांच रिपोर्ट मंगलवार दोपहर को मिली थी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित एजेंसी के नाम एटीआर और भविष्य के लिए चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। सुरक्षा और मरीजों की स्वास्थ्य सेवा की किसी भी शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है।
- डा. विरेंद्र यादव, प्रभारी, बीके सिविल अस्पताल
सोमवार देर रात अस्पताल का औचक निरीक्षण
सुरक्षा कारणों के कारण बीके सिविल अस्पताल पर उठ रहे सवालों से प्रशासन परेशान है। अस्पताल स्टाफ की सेवाएं जांचने के लिए अस्पताल प्रभारी डॉ. विरेंद्र यादव ने सोमवार देर रात औचक निरीक्षण किया। मौके पर ही कई स्टाफ कर्मियों की लापरवाही के कारण फटकार भी लगाई। डॉ. विरेंद्र यादव ने अस्पताल में किसी भी तरह की लापरवाही के खिलाफ खामियाजा भुगतने की बात कही। अस्पताल में ड्यूटी से नदारद दिखे हार्ट सेंटर और बाल रोग विशेषज्ञ को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया। अस्पताल सुरक्षा में ज्यादा सतर्क रहने की हिदायतें भी सुरक्षा कर्मियों को दी गई।