मैच पर सट्टा लगाते पांच गिरफ्तार
फरीदाबाद। मैच पर सट्टा लगा रहे पांच बुकी को भूपानी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपी सेक्टर-87 स्थित एक सोसायटी में किराए पर फ्लैट लेकर सट्टा खिला रहे थे। पुलिस ने इनसे 30 हजार रुपये, 11 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और दो रजिस्टर बरामद किए हैं। पांचों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
भूपानी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल शहीद को सूचना मिली थी कि सेक्टर-87 स्थित एक सोसायटी में कुछ युवक मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां दबिश दी। पुलिस ने मौके से एनआईटी निवासी रवि खत्री, प्रकाश आहूजा, सेक्टर-87 निवासी विनोद, सेक्टर-88 निवासी दिनेश और एसजीएम नगर निवासी जयगोपाल को धर दबोचा। जांच अधिकारी हवलदार बहादुर सिंह ने बताया कि पांचों फोन पर लोग सट्टे के रेट बता रहे थे और उसकी रजिस्टर में एंट्री कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पांचों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।