लापता बच्चे का शव दुकान के बेसमेंट में मिला
सिर पर चोट के निशान, बोरी से ढंक रखा था शव
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेजेगी
केस सुलझाने में तिगांव थाना सहित क्राइम ब्रांच की टीमें जुटीं
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़।
तिगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत भुआपुर मोड़ से दो पहले लापता हुए 9 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई है। शनिवार को पुलिस ने भुआपुर रोड स्थित अनाज मंडी स्थित एक खाली दुकान के बेसमेंट से बच्चे का शव बरामद किया है। सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेजेगी। तिगांव थाना पुलिस ने अपहरण, हत्या सहित शव को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले को सुलझाने में तिगांव थाना सहित क्राइम ब्रांच की टीमें भी जुट गई हैं।
तिगांव भुआपुर मोड़ निवासी रमेश नागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे राजपाल की भुआपुर मोड़ पर चाय की दुकान है। राजपाल का 9 साल का बेटा वंश उर्फ लालू बुखारपुर रोड स्थित एक निजी स्कूल की दूसरी कक्षा में पढ़ता था। गत 23 अगस्त शाम को वह अपने पिता की दुकान से घर जाने के लिए निकला था। उसके बाद से लापता हो गया था। जांच करने पर पता चला कि वह उस दिन शाम को अनाज मंडी के गेट पर देखा गया था। 24 अगस्त को तिगांव थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी।
शनिवार 25 अगस्त को परिवार के लोग बच्चे की तलाश के लिए अनाज मंडी में ही थे। मौके पर पुलिस भी थी। इसी दौरान दो बच्चों ने बताया कि वंश सामने दुकान नंबर 41 के बेसमेंट में पड़ा है। वह दुकान के बेसमेंट में पहुंचे तो देखा कि वंश मृत पड़ा था और उसके ऊपर बोरी पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। वंश के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलने पर मौके पर बल्लभगढ़ जोन के पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार, सहायक पुलिस उपायुक्त अमन यादव, तिगांव थाना प्रभारी राजबीर सिंह, सब इंस्पेक्टर सत्यनारायण, क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 के इंचार्ज अशोक कुमार पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शव सड़ी गली हालत में होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए रविवार को रोहतक पीजीआई में भेजा जाएगा।
विधायक ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित नागर ने बच्चे की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए बिगड़ती कानून व्यवस्था पर रोष जाहिर किया। विधायक ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपराध को रोकने में पूरी तरह से असफल साबित हो रहा है। नागर ने कहा कि शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह दिनदहाड़े लूटपाट, हत्या और झपटमारी की वारदात को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आगामी 7 सितंबर से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र में जोरशोर से उठाकर सरकार को घेरेंगे।