सस्ते फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोपी गिरफ्तार से गिरफ्तार
फरीदाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सस्ते फ्लैट दिलाने के नाम पर केंद्रीय लोकनिर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता व उसकी पत्नी से 20 लाख हड़पने वाले आरोपी को एसजीएम नगर थाना पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। बीते शनिवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करने में लगी है।
एनआईटी चार स्थित केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में तैनात सहायक अभियंता नरेश कुमार की पत्नी आरती सिंह की शिकायत पर 19 जनवरी को एसजीएम नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में आरती सिंह ने बताया था कि जून 2016 में गाजियाबाद के रहने वाले अतुल प्रताप सिंह नाम के व्यक्ति ने सीजीओ कॉम्पलेक्स स्थित दफ्तर में आकर उनके पति से मुलाकात की और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें सस्ते में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिलाया।
गुरुग्राम में दिखाया था फ्लैट
इसके तहत उन्हें गुरुग्राम में दो बेडरूम का फ्लैट दिखाते हुए उनसे 20 लाख रुपये ठग लिए। रुपये लेने के बाद उन्हें फर्जी एग्रीमेंट तक थमा आरोपी फरार हो गया। इतना ही नहीं आरोपी ने उनके चेक व अन्य दस्तावेज लेकर एक बैंक से गाड़ी के नाम पर लोन भी ले लिया। बैंक की ओर से लोन की किस्त कटने पर इसका खुलासा हुआ।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने शनिवार को गाजियाबाद में सिहानी गेट थाना पुलिस की मदद से अतुल प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत से रिमांड लेकर पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस ने आरोपी से फ्लैट दिलाने के नाम पर लिए गए चेक व अन्य दस्तावेज भी बरामद कर लिए है।