रंजिश में कक्षा बारह के छात्र पर चाकू से हमला
फरीदाबाद। दबंगों से एक पुजारी के बेटे को बचाना कक्षा 12 के छात्र को महंगा पड़ा। छह माह पहले हुई घटना से रंजिश रखे दबंग लड़कों ने सेक्टर-8 मार्केट में छात्र और उसके दोस्त को रोक लिया। इसके बाद छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। तीन घाव होने से लहूलुहान होकर गिरे छात्र को छोड़ हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद इकट्ठा हुए लोगों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया। छात्र की शिकायत पर पुलिस ने तीन लड़कों के खिलाफ हत्या का प्रयास आदि धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में हुई छोटी सी झड़प इतनी बढ़ गई कि एक छात्र पर अन्य कक्षा के तीन छात्रों ने मामला सेक्टर सात थाना क्षेत्र का है। सेक्टर सात निवासी अनिल शर्मा का बेटा स्थानीय स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। पुलिस के मुताबिक, छात्र का एक दूसरे स्कूल में पढ़ने वाले तीन छात्रों से पहले से झगड़ा चल रहा है। शुक्रवार को छात्र का प्रैक्टिकल था। वह 12 बजे घर लौट कर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसका दोस्त आया और गाड़ी में सीएनजी डलवाने के लिए साथ चलने को कह ले गया। वह दोनों सेक्टर आठ मार्केट पहुंचे थे कि वहां पहले से मौजूद उसके विरोधी तीन छात्रों ने जबरन उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने छात्र को नीचे उतार कर उस पर चाकू से हमला कर दिया। तीन जगह घाव होने से गंभीर रूप से घायल होकर छात्र सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद तीनों हमलावर स्कूटी लेकर भाग गए। पास ही स्थित सेंट थामस स्कूल में फेयरवेल पार्टी चल रही थी, वहां मौजूद लोग सड़क पर घायल पड़े छात्र को उठा कर सेक्टर आठ स्थित गोयल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस व परिजनों को घटना की सूचना दी। घायल छात्र के चाचा सुनील शर्मा ने बताया कि छह माह पहले तीन लड़के एक पुजारी के बेटे को पीट रहे थे, भतीजे ने इसका विरोध किया था। इससे नाराज इन युवकों ने तब भी भतीजे को बुरी तरह पीटा था लेकिन बाद में कुछ लोगों ने बीच में पड़कर राजीनामा करा दिया था। सेक्टर सात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेश कुमार ने बताया कि घायल छात्र की शिकायत पर तीन लड़कों के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है, लड़कों को हिरासत में लिए जाने का प्रयास किया जा रहा है।