ऑटो गैंग ने चाकू की नोक पर सवारी से 18 हजार रुपये लूटे
फरीदाबाद। ठंड बढ़ने के साथ ही ऑटो गैंग ने एक बार फिर वारदात करनी शुरू कर दी हैं। बुधवार रात हार्डवेयर चौक से मुजेसर जा रहे एक व्यक्ति से ऑटो गैंग ने चाकू की नोक पर 18 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस का कहना है कि मामला लूटपाट का नहीं, बल्कि आपसी झगड़े का था। इसकी जांच की जा रही है।
आजाद नगर निवासी उपेंद्र मुजेसर सहित एक कंपनी में काम करते हैं। उपेंद्र ने बताया कि बुधवार को वह अपने एक जानकार के साथ दिल्ली गए थे। रात को करीब 11 बजे अजरौंदा चौक पर मेट्रो से उतरे और ऑटो का इंतजार करने लगे। कोई ऑटो नहीं मिलने पर दोनों पैदल ही चल दिए। हार्डवेयर चौक पर उनका जानकार अपने घर की तरफ चले गए, जबकि उपेंद्र भी अपने घर की तरफ चल दिए। उपेंद्र के अनुसार थोड़ा आगे चलने पर उन्हें एक ऑटो दिखाई दिया तो उन्होंने उसे रुकने का इशारा किया। ऑटो में दो लोग पहले से बैठे हुए थे। वे भी उसमें सवार हो गए। जब सेक्टर-22 पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो ऑटो चालक ने उससे पहले ही मुजेसर की तरफ गाड़ी मोड़ ली। उन्होंने उससे पूछा तो चालक ने कहा कि सीएनजी खत्म हो गई है, वह डलवाने जा रहे हैं।
मगर थोड़ा अंदर जाते ही ऑटो चालक और उसमें सवार दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उनके गले पर चाकू लगाकर जेब में रखे 18 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए। वे भी डरे हुए थे और जान बचाकर जैसे तैसे घर पहुंचे और फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी। उपेंद्र ने बताया कि पुलिस रात को ही आ गई। उसे कई स्थानों पर ले गई, मगर बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है। वहीं मुजेसर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि सूचना आई थी, मगर जांच के बाद वह लड़ाई झगड़े का मामला निकला। पीड़ित ने लूट आदि की कोई शिकायत नहीं दी है।
मारपीट के बाद जेब से निकाले छह हजार
दूसरी घटना गांव खंदावली निवासी साकिर खान के साथ हुई। साकिर कैब चालक हैं। बुधवार रात को वह सवारी छोड़कर वापस घर की तरफ आ रहे थे। बाईपास रोड पर जाम था। इस दौरान उनके पीछे खड़े एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने कार बढ़ाने के लिए कहा तो उन्होंने जाम की बात कहते हुए आराम से निकालने की बात कही। थोड़ा आगे बढ़ने पर वह युवक रास्ते में खड़ा हुआ था। उसने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौच करने लगा। साकिर का कहना है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे छह हजार रुपये छीन कर ले गया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल में फोन कर घटना की सूचना दी। थोड़ी देर बाद उनके पास सेक्टर-37 थाने से फोन आया, मगर तब तक वह आगे निकल गए थे। पुलिसकर्मियों के कई फोन आए, मगर वे थाने नहीं गए और घटना की कोई शिकायत नहीं दी।