- दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, राजस्थान व उत्तर प्रदेश में हत्या सहित धाराओं के 41 मुकदमे दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने लूट, हत्या सहित 41 मामलों के आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल सहित तावडू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह मोटरसाइकिल सेक्टर-58 से चोरी की थी। इसलिए फरीदाबाद क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम 27 जून को आरोपी को मेवात से प्रोडक्शन वारंट पर ले आई। आरोपी से पूछताछ में कई मामलों का खुलासा हुआ। मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ के बाद अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
मूल रूप से मेवात के मुंडीवास लोहिंगा कलां निवासी आरोपी शहाबुद्दीन उर्फ मुल्ला (45) को मई 2024 में तावडू पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया था। यह मोटरसाइकिल थाना सेक्टर 58 फरीदाबाद से फरवरी माह में चोरी हुई थी। आरोपी से पूछताछ पर बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल माह अप्रैल में आशिक नाम के एक व्यक्ति से छह हजार रुपये में खरीदी थी। इसी दौरान तावडू पुलिस को आरोपी ने एक और मोटरसाइकिल भी बरामद कराई थी जो उसने सेक्टर 58 थाने से चोरी की थी। मेवात पुलिस द्वारा दोनों मोटरसाइकिल को जब्त करके फरीदाबाद पुलिस को जानकारी दी गई। जिस पर क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम 27 जून को आरोपी को मेवात से प्रोडक्शन वारंट पर ले आई। आरोपी को फरीदाबाद लाकर पूछताछ की गई, पूछताछ पर सामने आया कि आरोपी बहुत ही शातिर किस्म का चोर है। उसने बताया कि एक मोटरसाइकिल पल्ला क्षेत्र से भी चोरी की थी। इसके बाद आरोपी को जेल में बंद करवा दिया गया जो आरोपी को फिर प्रोडक्शन वारंट लगाकर थाना पल्ला क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल के मामले में 23 जुलाई को गिरफ्तार करके मोटरसाइकिल को बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, राजस्थान व उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी, अवैध हथियार, लड़ाई झगड़ा, पीओ इत्यादि धाराओं के तहत 41 मुकदमे दर्ज हैं। वहींए फरीदाबाद से मोटरसाइकिल चोरी के तीन मुकदमे शामिल हैं, आरोपी से चोरी की तीनों मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।