फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण को लेकर एक तरफ लोग लापरवाह हो रहे हैं, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही भी उजागर हुई है। शनिवार को कोरोना रोकथाम वैक्सीनेशन में इस्तेमाल होने वाली सिरिंज बीके सिविल अस्पताल परिसर में ही इस्तेमाल के बाद भारी तादाद में खुले में फेंक दी गई। इस दौरान वैक्सीन के सील पैक पैकेट भी साथ ही फेंक दिए गए। इसके अलावा मेडिकल उत्पाद के रूप में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं व अन्य पैकेट भी नियमों की धज्जियां उड़ाकर खुले में फेंक दिए गए।
जिला स्वास्थ्य विभाग के मुुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय के पास ही ढेर मात्रा में यह सिरिंज फेंकी गई थी। इसमें से कई इस्तेमाल हो चुकी थी तो कई पैकेट में पैक थी। वहीं, मेडिकल उत्पाद के निस्तारण के सख्त नियम हैं। नियम है कि गीले-सूखे मेडिकल वेस्ट के अलावा वैक्सीनेशन सिरिंज जैसे मेडिकल उत्पाद को अन्य वेस्ट के साथ न फेंका जाए। वहीं, कोविड जैसे संक्रामक रोग में इस्तेमाल की जा रही वैक्सीन सिरिंज के निस्तारण में इतनी बढ़ा लापरवाही चिंता का विषय है।
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. रमेश का कहना है कि मामले के बारे में पता लगते ही जांच बैठा दी गई है। संबंधित कर्मचारियों से मामले के बारे में जानकारी ली जा रही है। हालांकि इस दौरान इस्तेमाल की गई वैक्सीन सिरिंज कूड़े में नहीं फेंकी गई। सभी सिरिंज पैक थी। कुछ अन्य दवाएं भी मिली हैं। इसकी जांच की जा रही है कि लापरवाही कैसे हुई।