फरीदाबाद। कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के कारण जिले में जांच कराने वाले हर 100 में से आठ व्यक्ति संक्रमित मिल रहे हैं। बीते 24 घंटों में 117 नए केस मिले। मामले बढ़ने के साथ ही मरीजों की स्वास्थ्य दर में गिरावट आई है। जिले में कोरोना मरीजों की रिकवरी दर 98 फीसदी रह गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कोरोना संक्रमण के मामले बीते पंद्रह दिनों से लगातार बढ़ रहे हैं। ज्यादातर मामले जिले के शहरी क्षेत्रों से मिल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण मामलों पर रोक है। जिले के 90 फीसदी से अधिक मामले शहरी क्षेत्र से हैं। इसमें जिले के पॉश इलाकों सहित मार्केट क्षेत्र शामिल है। विभागीय जांच में सामने आया कि ज्यादातर मरीजों में संक्रमण के स्त्रोत की पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके साथ ही विभाग को रैंडम सैंपलिंग के जरिए मरीजों में सिक्वेंसिंग जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे में 117 नए मामले, 46 स्वस्थ
स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटे में कोरोना के 117 नए मामलों की पुष्टि की है। इस दौरान 46 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए। इन दिनों 744 मरीज उपचाराधीन है। इसमें से 12 अस्पताल में भर्ती हैं। शेष मरीज होम आइसोलेट हैं। फिलहाल, एक मरीज वेंटिलेटर पर और एक मरीज ऑक्सीजन पर उपचाराधीन है। बीते 24 घंटे में 1372 लोगों की जांच की गई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल सरकारी लैब में 1567 मरीजों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट लंबित है। निजी लैब में 269 जांच रिपोर्ट लंबित हैं।
इन क्षेत्रों में तेजी से पनप रहा संक्रमण
पल्ला, इरोज गार्डन, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी, गौंछी सहित शहर के पॉश इलाके जैसे सेक्टर-15,16,18,37, अशोका एंक्लेव, सेक्टर-34, सेक्टर-7 के अलावा, सेक्टर 87, 88 व जिला जेल से नए मामलों की पुष्टि हो रही है। इसमें मार्केट एरिया के अलावा ऐसे क्षेत्र शामिल हैं, जहां लोगों की आवाजाही अमूमन अधिक रहती है। ऐसे में विभाग लोगों की आवाजाही सीमित करने की सलाह दे रहा है। विभाग के अनुसार, अनावश्यक घूमने से बचें। दो गज की दूरी और मास्क का इस्तेमाल करें।
दो गज दूरी और मास्क है जरूरी का करें पालन
कोरोना संक्रमण के मामलों पर लगाम लगाने के लिए जरूरी है कि लोग स्वास्थ्य विभाग की सलाह को गंभीरता से लें। कोरोना से बचाव के उपाय न भूलें। इन दिनों दिल्ली एनसीआर में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। भीड़वाले इलाकों में निकलते समय दो गज की दूरी और मास्क जरूरी है। - डॉ. रामभगत, कोविड-19 नोडल अधिकारी