फरीदाबाद। तीसरी लहर में कोरोना के नए मामलों के सारे रिकॉर्ड शनिवार को टूट गए। स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटों में 1764 नए मामलों की पुष्टि की है। वहीं, इस दौरान 161 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए। शनिवार को 295 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। सक्रिय मरीजों की दर नौ हजार के पार हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 110231 तक पहुंच गई है। इसमें से 100473 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक 718 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। नमूनों में से 39 फीसदी लोगों में कोरोना की पुष्टि हो रही है। सक्रिय मरीजों की दर 7.98 प्रतिशत बनी हुई है। रिकवरी दर कम होकर 91 प्रतिशत पर पहुंच गई है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में कोरोना मामलों की दर 9040 हो गई है। इसमें से 161 अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, 8879 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। शनिवार को 20 नए मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए। जिले में 28 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। वहीं, 28 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। फिलहाल आठ मरीज वेंटिलेटर पर हैं। डॉ. रामभगत ने बताया कि शनिवार को 4426 नए सैंपल लिए गए। 3721 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।