अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि किसानों को प्रतिकूल मौसम में फसलों और प्राकृतिक आपदाओं से होेने वाले नुकसान की भरपाई होगी। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत 46 फसलों के खराब होने पर मुआवजा मिलेगा।
उपायुक्त ने कहा कि बागवानी को बढ़ावा देने की दिशा में प्रदेश सरकार कदम बढ़ा रही है। यह योजना उन सभी किसानों के लिए वैकल्पिक तौर पर होगी जो मेरी फसल मेरा ब्योरा के तहत पंजीकृत होंगे। योजना सब्जियों, मसालों के लिए 30 हजार रुपये प्रति एकड़ व फलों के लिए 40 हजार रुपये प्रति एकड़ होगी। जिला बागवानी अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि यह योजना फसलों को प्रोत्साहन देने के लिए शुरू की गई। इसमें अब 46 फसलों और दो मसालों को शामिल कर लिया गया है। 23 सब्जियों में अरबी, भिन्डी, करेला, लौकी, बैंगन, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, गाजर, गोभी, मिर्च, खीरा,ककड़ी, खरबूज़, प्याज, मटर, आलू, कद्दू, मूली, तोरई, टिंडा, टमाटर, तरबूज समेत अन्य शामिल हैं। वहीं 21 फलों में आंवला, बेर, चीकू, खजूर, ड्रैगन फल, अंजीर, अंगूर, अमरूद, जामुन, किन्नू, नींबू, लीची,संतरा, आम, नाशपाती व आलू समेत अन्य शामिल हैं। इनके साथ मसालों में हल्दी व लहसुन शामिल हैं।