बल्लभगढ़ गांव में खुले शौच से मुक्त करने के लिए हरियाणा सरकार ने सामुदायिक शौचालय का निर्माण करव?
- फोटो : Faridabad
बल्लभगढ़ (हेमलता रावत)। अब गांवों में भी सामुदायिक शौचालय बनवाए जा रहे हैं। जिले के दस गांवों में अगले साल सामुदायिक शौचालय की सुविधा मिल जाएगी। शौचालयों का करीब 90 प्रतिशत तक काम पूरा हो चुका है। इससे गांवों में होने वाले शादी समारोह व अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और खुले में शौच से मुक्ति मिलेगी।
क्षेत्र के गांवों को पूरी तरह से शौच मुक्त करने के लिए सरकार ने घर-घर शौचालय बनवाया था। खुले में शौच मुक्ति होने वाले गांवों को ओडीएफ मुक्त घोषित कर दिया गया। वहीं, कुछ गांवों में अभी भी शौचालय बनवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही अब गांवों को चिह्नित कर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। पंचायत अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि प्रत्येक शौचालय के लिए सरकार की तरफ से 2.95 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। सामुदायिक शौचालय में पुरुष, महिला और दिव्यांगों के लिए सुविधा रहेगी। दिव्यांगों के लिए रैंप भी लगाया जा रहा है ताकि उन्हें कोई परेशानी ना हो। इनके इस्तेमाल करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। शौचालयों की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के सफाई कर्मचारी को दी जाएगी। बल्लभगढ़ ब्लॉक के 41 गांवों में से अटाली, जवा, छायंसा, समयपुर, जकोपुर, नरावली, बिजोपुर, सिक्रोना, प्याला और मोहना गांव में सामुदायिक शौचालय बनाए जा रहे हैं।