संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पहले ही एक बाइक सवार की मौत हो गई। दो को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में बाइक सवारों ने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था।
घटना में घायल नरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह सेक्टर-10 में किराए के मकान में रहता है। रविवार शाम को वह अपने दोस्त राकेश व नरेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर गांव मिर्जापुर से सीकरी की तरफ जा रहे थे। मलेरना रेलवे लाइन के पास गलत दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह तीनों बाइक से उछलकर कई मीटर दूर जाकर गिरे। दुर्घटना में लगी चोट के कारण नरेंद्र (28) की मौके पर ही मौत हो गई। नरेंद्र मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित गांव गागरोली में रहते थे।
नरेश और राकेश को आसपास के लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।