फरीदाबाद। कोतवाली थाना इलाके के नीलम-बाटा रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम को हैक कर 3.20 लाख रुपये निकाल लिए। बदमाशों ने मात्र 24 मिनट के अंदर ही वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। केनरा बैंक के सहायक महाप्रबंधक निर्मल ने बताया कि बैंक के बाहर एटीएम लगा हुआ है। 13 मार्च सुबह 7.17 से 7.41 बजे के बीच किसी ने एटीएम हैक कर कर 3.20 लाख रुपये चोरी कर लिए। एटीएम में कैश खत्म होने पर बैंक प्रबंधन का ध्यान इस तरफ गया।
आरोपियों ने इस दौरान एटीएम को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। तकनीकी टीम ने एटीएम जांच में पाया कि एटीएम हैक कर रुपये चोरी किए गए हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।