फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर 48 की टीम ने दोस्त के परिजनों पर गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान डकोरा गांव निवासी पवन के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सारन में हत्या के प्रयास व अवैध हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने अपने ही दोस्त के परिजनों पर गोलियां चला दी थी।
पीड़ित सोनू ने बताया कि उसके भाई लोकेश की दोस्ती आरोपी पावन के साथ थी। वह काफी सालों से एक दूसरे के साथ रह रहे थे। आरोपी पवन अपनी पत्नी से अलग हो चुका था। लोकेश उसका इकलौता साथी था। आरोपी पवन ने लोकेश को अपने साथ रहने के लिए दबाव बनाया। लोकेश ने उसके साथ रहने से मना कर दिया। वह अपने परिजनों के पास वापस आ गया। आरोपी पवन अपने दोस्त लोकेश को मनाने के लिए अपने एक अन्य साथी के साथ लोकेश के घर गया। यहां उसे लोकेश का चचेरा भाई सोनू व श्रवण दिखाई दिए। आरोपी ने उनसे लोकेश के बारे में पूछा।
उन्होंने बताने से मना कर दिया और लोकेश से दूर रहने को कहा। गुस्सा होकर आरोपी ने कट्टा निकालकर श्रवण की छाती पर तान दिया। जैसे ही वह फायर करने लगा श्रवण और सोनू अंदर भाग गए। आरोपी ने दो फायर किए जिसमें वह बाल-बाल बच गए। क्राइम ब्रांच 48 ने पवन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए। आरोपी आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। उस पर लड़ाई झगड़े ,अवैध हथियार के दो मामले पलवल में दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। उसके साथी की तलाश जारी है।