फरीदाबाद। बारिश के बाद एक बार फिर शहर में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होने लगी है। शनिवार को सुबह-शाम सड़कों पर स्मॉग देखने को मिला है। इससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की समस्या हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शनिवार को फरीदाबाद का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 356 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
प्रदूषण की रोकथाम को लेकर नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव, निर्माण कार्यों पर रोक, ईंट भट्टे बंद कर दिए गए है। धुआं छोड़ने वाली कंपनियों पर कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं। पिछले दिनों प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम और एनएचएआई पर 10-10 लाख रुपये के जुर्माने के अलावा, एक बिल्डर पर 50 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका था। इसके बावजूद शहर की प्रदूषित हवा में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
शनिवार को सड़कों पर उड़ती धूल और निर्माण कार्य जारी रहने से शहर की हवा जहरीली रही जबकि, बृहस्पतिवार को हल्की बूंदाबांदी होने के कारण शुक्रवार को एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में सुधार देखने को मिला था। बूंदाबांदी होने से प्रदूषित कण जमीन पर आ गए थे और शुक्रवार को एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 292 पर पहुंच गया था, लेकिन शुक्रवार दिन में व शनिवार को दिन भर धूप खिली रही। इससे धूल फिर से उड़ना शुरू हो गई है। ऐसे में एक दिन राहत मिलने के बाद शनिवार को फिर से प्रदूषण का स्तर बढ़ना शुरू हो गया है।
शुक्रवार की तुलना में शनिवार को फरीदाबाद का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 64 अंक अधिक दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शनिवार को फरीदाबाद का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 356 दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब सात गुना अधिक है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की बात करें तो शनिवार को सेक्टर-16 क्षेत्र में 372, सेक्टर-11 में 330, सेक्टर-30 क्षेत्र में 393 व एनआईटी क्षेत्र में 329 एयर क्वॉलिटी इंडेक्स दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ क्षेत्र की हवा इनकी तुलना में कुछ साफ रही। यहां का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 294 दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब गुना अधिक है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए जो भी नियम लागू किए गए हैं, उनका सख्ती से पालन किया जा रहा है। हमारी टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी रखे हुए हैं।
टीम ने किया औचक निरीक्षण
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद जहां एक ओर टास्क फोर्स का गठन किया गया है वहीं शनिवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने फरीदाबाद की टीम के साथ मिलकर औद्योगिक क्षेत्र डीएलएफ और एनआईटी का दौरा किया। प्रदूषण को लेकर लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।