सेक्टर-9 स्थित अग्रसेन वाटिका में प्रतिमा का किया अनावरण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-9 स्थित अग्रसेन वाटिका में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सेवा परंपरा का प्रतीक बना। समारोह में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, स्थानीय जनप्रतिनिधि व अग्रसेन समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस मौके पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अग्रसेन महाराज केवल शासक नहीं थे बल्कि एक विचार और सामाजिक समानता की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने ऐसे दौर में सहयोग और सामूहिक समृद्धि का मार्ग दिखाया जब राजसत्ता को सिर्फ शक्ति का प्रतीक माना जाता था। उनका सिद्धांत था कि हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बने। उन्होंने ऐसा ढांचा दिया जिसमें नया परिवार बसाने वाले को सामूहिक सहयोग मिलता था ताकि कोई भी व्यक्ति असहाय महसूस न करे।
गोयल ने कहा कि अग्रसेन समाज ने सदियों से भारत की आर्थिक और सामाजिक नींव को मजबूत किया है। व्यापार में ईमानदारी, समाजसेवा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य इसकी पहचान रही है। आज उद्योग, शिक्षा, व्यापार और समाजसेवा में इस समाज का योगदान स्पष्ट दिखता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अग्रसेन समाज फरीदाबाद को बधाई दी और लोगों से आह्वान किया कि वे अग्रसेन महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और एक समरस, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।