250 से अधिक मरीज पहुंच रहे रोजाना, पहले सिर्फ 70 से 80 मरीज इन बीमारियों के पहुंचते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में पिछले एक सप्ताह से हो रही लगातार बारिश के बाद अब लोगों के स्वास्थ्य पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। बीके अस्पताल में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। अस्पताल के अनुसार, प्रतिदिन ऐसे करीब 250 से अधिक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिनमें हर उम्र के लोग शामिल हैं। पहले अस्पताल में इन मरीजों की संख्या केवल 70 से 80 थी।
बीके अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भरमार देखी जा रही है। सबसे अधिक मामले जलजनित बीमारियों से जुड़े पाए जा रहे हैं, जो दूषित पानी पीने व बाहर के जंक फूड के कारण बढ़े हैं। लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे पानी की गुणवत्ता पर असर पड़ा है।
अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि तीन दिन से हो रही लगातार बारिश और मौसम में आए अचानक बदलाव, दिन में उमस भरी गर्मी और शाम को ठंडी हवाओं के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ा रहा है। इसी कारण वायरल संक्रमण और पेट संबंधी समस्याएं तेजी से फैल रही हैं।
डॉक्टर ने लोगों को सलाह दी है कि वे केवल उबला या फिल्टर्ड पानी ही पिएं, बाहर का खाना खाने से बचें और अगर कोई लक्षण नजर आए तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी शहरवासियों को सतर्क रहने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है।